Orange hindi lohardaga live

राम मंदिर चंदा मामले पर सांसद सुखदेव भगत का हमला, बोले- आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

By Team Lohardaga live

political
A

कथित गबन के आरोपों पर निष्पक्ष जांच की मांग, कहा- यदि आरोप सही हैं तो यह करोड़ों श्रद्धालुओं के विश्वास पर चोट

लोहरदगा। राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित गबन के आरोपों को लेकर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला केवल आर्थिक अनियमितता का नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था और विश्वास से जुड़ा है।

सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि यदि सामने आए आरोप सही साबित होते हैं तो यह बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण मामला है। उन्होंने कहा, "ऐसी स्थिति में तो रावण भी शर्मिंदा हो जाता। उसने माता सीता का हरण किया था, लेकिन यहां भगवान राम के नाम पर लोगों की आस्था के साथ विश्वासघात करने के आरोप लग रहे हैं।"

उन्होंने जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पहले विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जा रहा है और उसके बाद प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे जांच प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े होते हैं। सरकार को पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

सांसद ने कहा कि भगवान राम देश की आस्था और संस्कृति के प्रतीक हैं। उनके नाम पर यदि किसी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार हुआ है तो यह करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला विषय है। उन्होंने कहा कि सत्य सामने आएगा और कानून के अनुसार दोषियों को जवाब देना होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करती है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई चाहती है।