लोहरदगा रेल संकट पर सांसद सुखदेव भगत की पहल, डीआरएम से की वार्ता
By Team Lohardaga live

वैकल्पिक व्यवस्था के तहत ट्रेनों के परिचालन जारी रखने का दिया सुझाव
लोहरदगा। रांची से टोरी जाने वाली मेमू ट्रेन शुक्रवार को लोहरदगा के दक्षिण कोयल नदी पर बने रेलवे पुल में तकनीकी खराबी के कारण पुल के समीप घंटों खड़ी रही। इससे ट्रेन में सवार यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेल विभाग ने लोहरदगा और टोरी जाने वाली ट्रेनों का आवागमन अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया।
ट्रेनों के परिचालन बंद होने की सूचना मिलते ही लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से दूरभाष पर वार्ता कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। सांसद ने कहा कि लोहरदगा मेमू ट्रेन क्षेत्र की लाइफ लाइन है, जिससे प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। ट्रेनों का परिचालन बंद रहने से आम यात्रियों, छात्रों और कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
सांसद ने डीआरएम से आग्रह किया कि वैकल्पिक व्यवस्था के तहत ट्रेनों का परिचालन जारी रखा जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। इस पर डीआरएम ने बताया कि लोहरदगा रेलवे पुल में कुछ तकनीकी त्रुटियां पाई गई हैं, जिस कारण फिलहाल लोहरदगा स्टेशन तक आने वाली ट्रेनों को रोका गया है।
रेल प्रशासन के अनुसार वैकल्पिक व्यवस्था के तहत प्रतिदिन मेमू ट्रेन का परिचालन नगजुआ स्टेशन से रांची तक किया जाएगा। इसके अलावा राजधानी एक्सप्रेस को बड़काकाना–टोरी मार्ग से चलाने की व्यवस्था की जा रही है। रांची–सासाराम ट्रेन का भी वैकल्पिक मार्ग से परिचालन किया जाएगा।
डीआरएम ने यह भी जानकारी दी कि एक सप्ताह पूर्व रेलवे ब्रिज का निरीक्षण किया गया था और अब तकनीकी अधिकारियों को मौके पर बुलाकर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। वहीं सांसद सुखदेव भगत ने रेल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि नगजुआ स्टेशन पर टेंपो और बसों की संख्या बढ़ाने के प्रयास किए जाएं, ताकि यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
