Orange hindi lohardaga live

ब्लॉक मोड़ पर जलजमाव का सांसद ने लिया संज्ञान, निजी सचिव ने किया निरीक्षण

By Team Lohardaga live

General
A

नगर परिषद और एनएच अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश

लोहरदगा। बरसात के कारण लोहरदगा के ब्लॉक मोड़ के समीप सड़क पर जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है। सड़क पर घुटनों तक पानी जमा होने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर सांसद सुखदेव भगत ने मामले का संज्ञान लिया।

सांसद के निर्देश पर उनके निजी सचिव आलोक कुमार साहू ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर जलजमाव की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से भी समस्या की जानकारी ली।

आलोक कुमार साहू ने कहा कि आम जनता की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जल निकासी की समस्या का जल्द समाधान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी तथा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) से संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर ब्लॉक मोड़ के पास जलजमाव की समस्या दूर करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

स्थानीय लोगों ने समस्या का त्वरित संज्ञान लेने पर सांसद सुखदेव भगत एवं उनके निजी सचिव आलोक कुमार साहू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जल्द समाधान की उम्मीद जताई।