Orange hindi lohardaga live

दिल्ली रवाना होने से पहले एयरपोर्ट पर मिले सांसद सुखदेव भगत और महेंद्र सिंह धोनी

By Team Lohardaga live

Sport
रांची एयरपोर्ट पर मुलाकात के दौरान सांसद सुखदेव भगत व महेंद्र सिंह धोनी

झारखंड की खेल प्रतिभाओं और युवाओं के भविष्य पर हुई विशेष चर्चा

लोहरदगा/रांची : लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत गुरुवार को लोकसभा की कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी स्थायी समिति की बैठक में शामिल होने दिल्ली रवाना हुए। राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर दिल्ली जाने से पहले उनकी मुलाकात भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से हुई। एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंज में हुई यह मुलाकात चर्चा का विषय बनी रही।

झारखंड की पहचान और युवाओं की उम्मीद हैं धोनी : सुखदेव भगत

मुलाकात के दौरान सांसद सुखदेव भगत ने धोनी को झारखंड का गौरव बताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता से पूरे देश में राज्य की अलग पहचान बनाई है। सांसद ने कहा कि धोनी केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने जिस तरह छोटे शहर से निकलकर विश्व क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई, वह आज भी लाखों युवाओं को आगे बढ़ने का हौसला देता है।

ग्रामीण प्रतिभाओं को अवसर देने पर हुई चर्चा

दोनों के बीच झारखंड में खेल संस्कृति को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान खेल इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर कोचिंग व्यवस्था और गांव-कस्बों में खेल सुविधाओं को बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया गया।

सांसद सुखदेव भगत और महेंद्र सिंह धोनी ने माना कि झारखंड में क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी, फुटबॉल और एथलेटिक्स में भी अपार संभावनाएं हैं। यदि खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर से सही मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, तो राज्य से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई उत्कृष्ट खिलाड़ी निकल सकते हैं।

एयरपोर्ट पर दिखी आत्मीयता

मुलाकात के दौरान दोनों के बीच आत्मीय बातचीत देखने को मिली। एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों के बीच भी यह मुलाकात आकर्षण का केंद्र बनी रही। सांसद ने धोनी के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की, वहीं धोनी ने भी झारखंड के युवाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की।