सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर नगर परिषद की सख्ती, 16 हजार रुपये वसूला गया जुर्माना
By Team Lohardaga live

विभागीय निर्देश पर चलाया गया विशेष छापेमारी अभियान
लोहरदगा। नगर परिषद द्वारा विभागीय निर्देश के आलोक में शहर में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के पूर्ण प्रतिबंध को लागू कराने को लेकर विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। नगर परिषद के प्रशासक के निर्देश पर ईस्ट गोला रोड, बरवाटोली तथा महावीर चौक क्षेत्र में दुकानदारों द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग और वितरण की जांच की गई।
छापेमारी के दौरान कई दुकानों में प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग पाया गया, जिसके बाद मौके पर ही प्रतिबंधित सामग्री को जब्त किया गया। अभियान के दौरान सिंगल यूज़ प्लास्टिक रखने और उपयोग करने वाले दुकानदारों पर कुल 16,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, झारखंड द्वारा जारी निर्देश के अनुसार पूर्ण प्रतिबंध लागू है।
नगर प्रशासन ने कहा कि आगे भी सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाएगा। प्रतिबंध का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना लगाया जाएगा।
