Orange hindi lohardaga live

वेतन भुगतान नहीं हुआ तो 9 अक्टूबर से नगर निकाय कर्मी करेंगे हड़ताल

By Team orangehindi

General
वेतन भुगतान नहीं हुआ तो 9 अक्टूबर से नगर निकाय कर्मी करेंगे हड़ताल

महासंघ की बैठक में लिया निर्णय, प्रशासन को 8 अक्टूबर तक वार्ता और भुगतान की चेतावनी

लोहरदगा। इक्युलिप्टस मैदान में सोमवार को झारखंड राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ, जिला शाखा लोहरदगा की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के अध्यक्ष महेश कुमार सिंह ने की। इसमें नगर निकाय के कर्मचारियों की लंबित वेतन भुगतान समेत विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई।

बैठक में कहा गया कि कर्मचारियों को दो माह का वेतन नगरपालिका की ओर से तथा चार माह का वेतन श्रीश्याम एसडब्ल्यू एजेंसी की ओर से भुगतान किया जाना बाकी है। महासंघ ने कहा कि लंबे समय से वेतन लंबित रहने के कारण कर्मचारियों के समक्ष आर्थिक संकट की स्थिति बनी हुई है।

महासंघ ने निर्णय लिया कि यदि 8 अक्टूबर 2026 तक लंबित वेतन का भुगतान नहीं किया गया और कर्मचारियों की मांगों को लेकर प्रशासन के स्तर पर सकारात्मक वार्ता नहीं हुई, तो कार्यरत कर्मचारी भी 9 अक्टूबर से हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे। महासंघ ने इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होने की बात कही है।

बैठक को संबोधित करते हुए महेश कुमार सिंह ने कहा कि जिन लोगों की प्रतिमाह लाख रुपये की आमदनी है, उन्हें भूख और आर्थिक परेशानी का वास्तविक अनुभव नहीं हो सकता। कर्मचारियों की स्थिति समझने के लिए उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपने वेतन के लिए इंतजार कर रहे हैं, ऐसे में समस्या का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए।

बैठक में महासंघ के सभी सदस्य मौजूद थे।

और पढ़ें