हत्या की साजिश विफल, अवैध हथियार के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
By Team Lohardaga live

लोहरदगा पुलिस की कार्रवाई, देसी पिस्टल, कारतूस, मोबाइल और अल्टो कार जब्त; एक आरोपी फरार
लोहरदगा। लोहरदगा पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए हत्या की एक कथित साजिश को नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया, जबकि उनका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक अल्टो कार बरामद की गई है।
सदर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा ने बताया कि सोमवार को करीब 11:45 बजे सूचना मिली थी कि नीले रंग की अल्टो कार (जेएच-07बी-7575) में सवार तीन व्यक्ति अवैध हथियार के साथ सोबरनटोली से जुरिया की ओर जा रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि करीब 12 बजे सोबरनटोली क्षेत्र में संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस को देखते ही कार की पिछली सीट पर बैठा एक युवक वाहन से कूदकर गलियों की ओर भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा। इसी दौरान कार चालक ने भी वाहन लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपनी पहचान हुसैन अंसारी (36), निवासी लोंगा, थाना भरनो, जिला गुमला तथा अजय साहू (30), निवासी बीआईडी प्रेमनगर, लोहरदगा के रूप में बताई। तलाशी के दौरान अजय साहू की कमर से 7.65 एमएम का देसी पिस्टल, एक मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने तीसरे साथी संजय लोहरा के साथ मिलकर एक व्यक्ति की हत्या की योजना बनाकर निकले थे। हालांकि, वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में लोहरदगा थाना कांड संख्या 102/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2)(a)/3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 एवं 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस ने फरार आरोपी की पहचान संजय लोहरा, पिता जीतवाहन लोहरा, निवासी ग्राम लोंगा, थाना भरनो, जिला गुमला के रूप में की है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अजय साहू के खिलाफ पहले से अपहरण, लूट, दुष्कर्म सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं फरार आरोपी संजय लोहरा के विरुद्ध भी गुमला और लोहरदगा जिले के विभिन्न थानों में लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
