दोस्ती की आड़ में कत्ल, शव के टुकड़े कर खदान में फेंका; सात घंटे में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी
By Team Lohardaga live

ओयना टोंगरी हत्याकांड में दो गिरफ्तार, हेक्सा ब्लेड से शव के किए कई टुकड़े; हत्या में इस्तेमाल स्कूटी भी जब्त
लोहरदगा: ओयना टोंगरी स्थित बंद पत्थर खदान से बोरी में मिले युवक के क्षत-विक्षत शव की गुत्थी लोहरदगा पुलिस ने महज सात घंटे में सुलझा ली। इस सनसनीखेज हत्याकांड का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि मृतक की हत्या किसी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उसके ही दोस्त ने अपने साथी के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद शव के कई टुकड़े कर उन्हें अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया गया, ताकि पहचान मिटाई जा सके।
बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि इस मामले में नूर नगर निवासी 22 वर्षीय अरमान खान और पावरगंज के दुर्गाबाड़ी लेन निवासी 25 वर्षीय मो. सहबाज अहमद उर्फ राज को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार कर ली है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर ओयना टोंगरी की बंद खदान में बोरी में शव होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरी से युवक का कटा हुआ सिर और दोनों पैर बरामद किए। शव की तस्वीर सार्वजनिक करने पर उसकी पहचान न्यू आजाद बस्ती निवासी 22 वर्षीय हुसैन अंसारी के रूप में हुई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष अनुसंधान टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी कर पुलिस ने सात घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 4 जुलाई की रात दुर्गाबाड़ी लेन स्थित घर में हुसैन अंसारी की पीट-पीटकर हत्या की गई। इसके बाद हेक्सा फ्रेम ब्लेड से शव के कई टुकड़े किए गए। शव के कुछ हिस्सों को प्लास्टिक की बोरी में भरकर ओयना टोंगरी की बंद खदान में फेंक दिया गया, जबकि अन्य हिस्सों को जंगल की झाड़ियों में ठिकाने लगा दिया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हेक्सा फ्रेम ब्लेड और शव ले जाने में इस्तेमाल की गई स्कूटी (जेएच-08 के-1173) भी बरामद कर ली है। मामले में बीएनएस की धारा 103(1), 238 एवं 61(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
