Orange hindi lohardaga live

राष्ट्रीय बोसिया खिलाड़ी सुमन प्रजापति नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व

By Team lohardaga live

Sport
बोसिया खिलाड़ी सुमन प्रजापति

3 से 11 नवम्बर तक ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा शहर में आयोजित होंगे प्रतियोगिता

लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले के निवासी तथा राष्ट्रीय स्तर के बोसिया खिलाड़ी सुमन आगामी नवंबर 2025 में ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा शहर में होने वाले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेगे। सुमन आज 13 अक्टूबर को अपनी तैयारी को और निखारने के लिए चंडीगढ़ स्थित स्पाइनल रिहैब सेंटर में विशेष ट्रेनिंग कैम्प के लिए रवाना होंगे। यह प्रशिक्षण उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करेगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सुमन एक नवंबर को ऑस्ट्रेलिया के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां टूर्नामेंट 3 से 11 नवंबर 2025 तक आयोजित होगा। विदित हो कि सुमन प्रजापति इससे पहले भी कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने 2024 में ग्वालियर में आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पेयर इवेंट में रजत पदक और 2025 में विशाखापट्टनम में आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में इंडिविजुअल कैटेगरी में रजत पदक जीतकर झारखंड और देश का नाम रोशन किया है।

इधर सुमन ने बताया कि वे इस बार पूरी तैयारी के साथ उतरेंगे और देश के लिए पदक जीतने का संकल्प लिया है। उन्होंने अपने परिवार, कोच, और सभी शुभचिंतकों का धन्यवाद करते हुए कहा

मुझे गर्व है कि मैं भारत का झंडा अंतरराष्ट्रीय मंच पर ले जा रहा हूं। यह मेरे लिए सपना पूरा होने जैसा है। वही सुमन ने विशेष रूप से लोहरदगा के उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने हर कदम पर सहयोग और प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने हिंडालको कंपनी का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया यात्रा के लिए स्पॉन्सरशिप प्रदान कर उनका सपना साकार किया।