एमबी डीएवी विद्यालय में राष्ट्रीय गणित दिवस का हुआ आयोजन
By Team Lohardaga live

गणित के प्रति रुचि जगाने हेतु विविध शैक्षणिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
लोहरदगा। एमबी डीएवी विद्यालय में प्राचार्य जी.पी. झा के नेतृत्व एवं निर्देशन में राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि जगाना और विषय के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना था।
भारत में प्रत्येक वर्ष 22 दिसंबर को महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय गणित दिवस मनाया जाता है। यह दिवस रामानुजन के अद्भुत गणितीय योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ विद्यार्थियों को गणित के महत्व से परिचित कराने का अवसर प्रदान करता है। रामानुजन ने बिना किसी औपचारिक प्रशिक्षण के अनेक प्रमेय और सूत्र विश्व को दिए। उनका मानना था कि गणित सोचने का एक तरीका है, जो तार्किक और आलोचनात्मक चिंतन को विकसित करता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना सभा में रामानुजन की तस्वीर के समक्ष प्राचार्य सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। मंच संचालन छात्र नीरज एवं आर्यन द्वारा किया गया। कक्षा नौवीं की छात्रा अपूर्वा एवं नीलिमा ने रामानुजन की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए गणित के महत्व को रेखांकित किया। छात्रा पूजा द्वारा गणित पर आधारित कविता प्रस्तुत की गई। कक्षा चौथी ‘स’ की छात्राओं ने गणितीय आकृतियों पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। एकल नृत्य में सृष्टि, शगुन एवं भव्या सिंह ने अपनी आकर्षक प्रस्तुति दी। गणित शिक्षक विक्की कुमार द्वारा गणित पर आधारित खेल का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य जी.पी. झा ने प्रेरणादायी कहानी के माध्यम से शिक्षा का सही अर्थ समझाया और विद्यार्थियों को गणित को बोझ न मानकर रुचि व मनोरंजन के रूप में ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में गणित विभाग के शिक्षक-शिक्षिकाओं आरती कुमारी, अपराजिता कुमारी, प्रमित कुमार, गोविंद पांडे, राजकुमार गोरांई, शितेश पाठक, श्रवण कुमार पाठक, चमक लाल महतो एवं अमित कुमार का विशेष योगदान रहा।
इसी क्रम में लोहरदगा स्थित मनोहर लाल अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर महाविद्यालय में जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका विषय ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ था। प्रतियोगिता में जिले के कई विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। एमबी डीएवी विद्यालय की ओर से कक्षा नौवीं की छात्राएं सव्यता स्वराज, श्रेया कुमारी एवं तेजस्वी कुमारी प्रतिभागी बनीं। प्रतियोगिता में एमबी डीएवी विद्यालय, लोहरदगा ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
