Orange hindi lohardaga live

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह: उपायुक्त ने जागरूकता रथों को दिखायी हरी झंडी

By Team Lohardaga live

Administrative
जागरूकता रथ को रवाना करते उपायुक्त व अन्य

यातायात नियमों के पालन से ही सड़क दुर्घटनाओं में आएगी कमी : डॉ कुमार ताराचंद

लोहरदगा। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर लोहरदगा जिले में आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उपायुक्त डॉ कुमार ताराचंद ने समाहरणालय परिसर से दो जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी देंगे।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत 31 जनवरी 2026 तक जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा उपायों और दुर्घटनाओं से बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक किया जाएगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया तथा सेल्फी प्वाइंट पर लोगों ने सड़क सुरक्षा संदेश के साथ सेल्फी भी ली।

इस अवसर पर उपायुक्त डॉ कुमार ताराचंद ने आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि लोहरदगा जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए लोगों को नियमित रूप से जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, ट्रिपल राइड से बचें और शराब पीकर वाहन न चलाएं। चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, बिना लाइसेंस वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की सलाह दी गई।

उपायुक्त ने जानकारी दी कि वर्ष 2025 में अप्रैल से दिसंबर माह तक यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में लोहरदगा जिले में लगभग 37 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है। बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों का लाइसेंस रद्द किया गया है तथा मॉडिफाइड मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया गया है। यह जांच और कार्रवाई आने वाले समय में भी नियमित रूप से जारी रहेगी।