Orange hindi lohardaga live

प्रांतीय संस्कृति महोत्सव में गूंजा राष्ट्रभाव, प्रतिभागियों को मिला सम्मान

By Team orangehindi

General
प्रांतीय संस्कृति महोत्सव में गूंजा राष्ट्रभाव, प्रतिभागियों को मिला सम्मान

लोकनृत्य में लोहरदगा की टीम प्रथम, चयनित प्रतिभागी गया में करेंगे प्रतिभा का प्रदर्शन

लोहरदगा। शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर, लोहरदगा में विद्या भारती, झारखंड के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय प्रांतीय संस्कृति महोत्सव का सोमवार को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और राष्ट्रभावना के बीच समापन हुआ। महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति, लोककला, परंपरा और संस्कारों की झलक देखने को मिली।

समापन समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन से हुई। विद्यालय की छात्राओं ने वंदना प्रस्तुत की। सुंदरी देवी सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य सुरेशचंद्र पांडेय ने अतिथियों का परिचय एवं स्वागत कराया। मनोहरलाल अग्रवाल प्लस टू विद्यालय की छात्राओं ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि आयुषी कुमारी के एकल गीत ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

प्रांत प्रमुख, संस्कृति बोध परियोजना रमेश कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति जीवन-मूल्यों और राष्ट्रीय चेतना का आधार है। मुख्य अतिथि झारखंड प्रांत संघचालक सच्चिदानंद लाल अग्रवाल ने संस्कृति को संस्कार और जीवन-दृष्टि से जोड़ते हुए नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से परिचित कराने पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद सुदर्शन भगत ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। ओवरऑल शिशु वर्ग में हरिनगर, पलामू विभाग, बाल वर्ग में गिरिडीह बरगंडा, हजारीबाग विभाग, किशोर वर्ग में गुंजारडीह, बोकारो-धनबाद विभाग तथा तरुण वर्ग में राजकमल, धनबाद विभाग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय लोकनृत्य प्रतियोगिता में शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर, लोहरदगा की टीम प्रथम रही।

विजेता प्रतिभागी आगामी क्षेत्रीय संस्कृति महोत्सव में गया, बिहार में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। पत्र वाचन प्रतियोगिता में शामिल आचार्य एवं दीदी जी तथा मूर्ति कला के निर्णायक हरिओम प्रजापति को भी सम्मानित किया गया।

समापन पर पलामू विभाग के विभाग निरीक्षक अखिलेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। विद्यालय की छात्राओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। मंच संचालन ब्रेन टुडू ने किया।

और पढ़ें