एमबी डीएवी विद्यालय लोहरदगा में राष्ट्रीय युवा दिवस समारोह आयोजित
By Team Lohardaga live
स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती पर छात्रों को मिला प्रेरणादायी संदेश
लोहरदगा। एमबी डीएवी विद्यालय में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य जी पी झा के नेतृत्व एवं निर्देशन में सीसीए प्रभारी शितेश कुमार पाठक एवं आरती कुमारी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायी जीवन, विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका से अवगत कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया, जिसमें शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई।
मंच संचालन शिक्षिका ज्योति पांडे ने किया। संगीत शिक्षक श्रवण कुमार पाठक द्वारा प्रस्तुत भजन ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शिक्षक शितेश कुमार पाठक एवं छात्रा आर्य सिंह ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर आधारित प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर शिक्षक के. के. राय द्वारा विषय आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा दसवीं के छात्र अरशद खान ने प्रथम, कक्षा सातवीं की छात्रा साक्षी प्रिया ने द्वितीय तथा छात्रा प्रियंका साहू एवं श्रेष्ठ चक्रवर्ती ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य जी पी झा ने कहा कि युवा देश की शक्ति और भावी राष्ट्र निर्माता हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने भीतर छिपे डर को दूर कर आत्मशक्ति को पहचानने तथा अपनी प्रतिभाओं के माध्यम से समाज और राष्ट्र के हित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
अंत में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय भूमिका रही।
