Orange hindi lohardaga live

नवोदय विद्यालय पूर्ववर्ती छात्र संघ समागम 14 दिसंबर को

By Team Lohardaga live

General
बैठक के दौरान उपस्थित पूर्ववर्ती छात्र व विद्यालय संचालन समिति सदस्य

लोहरदगा। नवोदय विद्यालय पूर्ववर्ती छात्र संघ का वार्षिक समागम 14 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी पूर्व छात्र संघ के सचिव सागर वर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को विद्यालय परिसर में पूर्व छात्रों, विद्यालय संचालन समिति के सदस्यों और प्रधानाचार्य के साथ हुई बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा और तिथि को अंतिम रूप दिया गया।

बैठक में प्रधानाचार्य ने कहा कि पूर्व छात्र विद्यालय की धरोहर हैं। नवोदय विद्यालय से पढ़े अनेक छात्र आज देश ही नहीं, विदेशों में भी विभिन्न प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय अपने पूर्व विद्यार्थियों पर गर्व करता है, जो राजनीति, प्रशासन, समाजसेवा, खेल, शिक्षा, विज्ञान सहित हर क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं और विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं।

प्रधानाचार्य ने यह भी बताया कि वर्तमान छात्रों को पूर्व छात्रों से प्रेरणा देने के उद्देश्य से ऐसे समागम हर वर्ष आयोजित किए जाते रहे हैं और आगे भी जारी रहेंगे।

सचिव सागर वर्मा ने कहा कि इस वर्ष का छात्र समागम अभूतपूर्व होगा। पुराने और वर्तमान छात्रों का मिलन एक अनूठा और प्रासंगिक अवसर बनेगा। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर समाज को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास करेंगे।

अध्यक्ष कलिंद्र उरांव ने कहा कि नवोदय विद्यालय आधुनिक भारत के विकास में मील का पत्थर साबित हो रहा है और आगे भी सामाजिक एकता एवं सौहार्द का प्रतीक बना रहेगा। बैठक के दौरान विद्यालय और छात्रों की विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा हुई, ताकि समागम का आयोजन सफलतापूर्वक किया जा सके।

इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष गुलाम जिलानी, सागर वर्मा, अनूप साहू और आफताब अहमद सहित कई पूर्व छात्र मौजूद रहे।