Orange hindi lohardaga live

प्रखंड सह अंचल कार्यालय में एनडीआरएफ ने दिया लाइफ सेविंग स्किल का प्रशिक्षण

By Team Lohardaga live

General
लाइव सेविंग स्किल प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित एनडीआरएफ के पदाधिकारी

लोहरदगा। प्रखंड सह अंचल कार्यालय, लोहरदगा परिसर में एनडीआरएफ 9वीं बटालियन, पटना की टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को लाइफ सेविंग स्किल का प्रशिक्षण देकर जागरूक किया गया। इस दौरान आपदा और दुर्घटना की स्थिति में अपनाए जाने वाले आवश्यक उपायों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के क्रम में एनडीआरएफ टीम ने सड़क दुर्घटना के बाद बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही किसी व्यक्ति को हार्ट अटैक आने की स्थिति में प्राथमिक उपचार के रूप में सीपीआर देने की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

टीम द्वारा बताया गया कि लोहरदगा जिला वज्रपात संभावित क्षेत्र है, ऐसे में आकाशीय बिजली गिरने के दौरान किन-किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, इसकी जानकारी छात्र-छात्राओं को दी गई। इसके अलावा सर्पदंश से बचाव एवं सर्पदंश की स्थिति में त्वरित कदम उठाने के तरीकों पर भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बाढ़, नौकायन एवं अन्य आपदाओं के समय सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी गई, ताकि छात्र-छात्राएं आपात स्थिति में स्वयं को सुरक्षित रखने के साथ-साथ दूसरों की भी मदद कर सकें। एनडीआरएफ टीम ने छात्रों से प्राप्त जानकारी को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।