अविराम बीएड कॉलेज में एनडीआरएफ ने छात्र-छात्राओं को दिया लाइफ सेविंग स्किल का प्रशिक्षण
By Team Lohardaga live

सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक, वज्रपात और सर्पदंश से बचाव को लेकर किया गया जागरूक
लोहरदगा। जिले के अविराम बीएड कॉलेज, टीको में सोमवार को एनडीआरएफ 9वीं बटालियन, पटना की टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को लाइफ सेविंग स्किल से संबंधित प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में जान बचाने के आवश्यक उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
एनडीआरएफ टीम ने सड़क दुर्घटना के बाद बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया और दुर्घटना पीड़ित की सुरक्षित तरीके से मदद करने की प्रक्रिया समझाई। इसके साथ ही हार्ट अटैक की स्थिति में प्राथमिक उपचार के रूप में सीपीआर देने की विधि का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यक्रम में लोहरदगा जिले को वज्रपात संभावित क्षेत्र बताते हुए वज्रपात के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। इसके अलावा सर्पदंश से बचाव एवं सर्पदंश की स्थिति में तत्काल किए जाने वाले उपायों पर भी छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया।
एनडीआरएफ टीम ने बाढ़ जैसी आपदाओं के समय सुरक्षा उपायों तथा सुरक्षित नौकायन से संबंधित जानकारी भी साझा की। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आपदा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को समझा।
