एनडीआरएफ की मॉक ड्रिल, सीपीआर प्रशिक्षण और विज्ञान प्रदर्शनी ने बढ़ाया छात्राओं का आत्मविश्वास
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। उर्सुलाइन बालिका उच्च विद्यालय में भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा 11 दिसंबर 2025 को आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व एनडीआरएफ के अधिकारी मनजीत चहल ने किया। टीम ने छात्राओं को प्राकृतिक व मानवीय आपदाओं से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी तथा मॉक ड्रिल के माध्यम से वास्तविक परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के तरीकों का अभ्यास करवाया।
एनडीआरएफ के प्रशिक्षकों ने दुर्घटना के दौरान जान-माल की सुरक्षा कैसे की जाए, इसका लाइव डेमो प्रस्तुत किया। साथ ही हृदय गति रुकने की स्थिति में किए जाने वाले प्राथमिक उपचार तथा सीपीआर तकनीक का प्रशिक्षण भी दिया। सांप काटने पर किए जाने वाले सही उपायों को सरल भाषा में समझाया गया और अंधविश्वास से बचते हुए ओझा-गुनियों के पास न जाने की सलाह भी दी गई। टीम के सदस्य बृजेश कुमार, अश्वनी कुमार और अंजलि कुमार यादव ने अपने ड्रिल प्रदर्शन से छात्राओं को विशेष रूप से प्रभावित किया।
कार्यक्रम की सफलता में उद्घोषक अजय प्रसाद तथा सिस्टर पुष्पा, सिस्टर मोडेस्ता, सिस्टर आशा, सर अनूप, सर शेखर, कुमुदिनी, सिस्टर मुक्तामणि, मिस स्नेहा, मिस अनीता, मिस सरोज, मिस हेमलता, मिस नित्य, मिस मैरियट, मिस जया, सर सचिन, मिस खुशनुमा और मिस सिनी सहित विद्यालय के कई शिक्षकों का सहयोग सराहनीय रहा। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापिका सिस्टर असरिता ने एनडीआरएफ टीम को शाल देकर सम्मानित किया।
विद्यालय में भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जो तीन दिनों तक चलेगी। इस प्रदर्शनी का अवलोकन कक्षा 10 की छात्राओं ने किया तथा विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी आमंत्रित किया गया है। यह प्रदर्शनी 11 दिसंबर से 13 दिसंबर 2025 तक विद्यालय परिसर में आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य छात्राओं में विज्ञान के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ाना है।
