Orange hindi lohardaga live

उदरंगी में 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगा, गांव में लौटी बिजली

By Team orangehindi

General
उदरंगी में 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगा, गांव में लौटी बिजली

तीन माह से बिजली संकट झेल रहे ग्रामीणों को मिली राहत, सांसद सुखदेव भगत के प्रयास से रांची से मंगाया गया ट्रांसफार्मर

लोहरदगा। भंडरा प्रखंड के उदरंगी गांव में सांसद सुखदेव भगत के प्रयास से 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर चालू किया गया। ट्रांसफार्मर चालू होते ही गांव में बिजली बहाल हो गई। इससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने सांसद के प्रति आभार जताते हुए इसे बिजली संकट से राहत देने वाला कदम बताया।

ट्रांसफार्मर के उद्घाटन के अवसर पर सांसद के निजी सचिव सह इंटक जिला अध्यक्ष आलोक कुमार साहू और भंडरा प्रखंड सांसद प्रतिनिधि राधेश्याम साहू गांव पहुंचे। ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से पगड़ी पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर दोनों का स्वागत किया। इसके बाद फीता काटकर नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया गया।

आलोक कुमार साहू ने बताया कि करीब तीन माह पहले गांव का 100 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। ग्रामीणों की सूचना पर सांसद के प्रयास से ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया, लेकिन वह तीन-चार दिनों में ही जल गया। इसके बाद ग्रामीणों ने नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की मांग की।

उन्होंने बताया कि सांसद ने पहले गुमला के अधीक्षण अभियंता से बात की। वहां नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने रांची के महाप्रबंधक (जीएम) से संपर्क किया। इसके बाद रांची से नया 100 केवीए का ट्रांसफार्मर मंगवाकर गांव में स्थापित कराया गया।

आलोक साहू ने कहा कि सांसद सुखदेव भगत जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं। मौके पर भंडरा प्रमुख बरियादेवी सहित जुल्फान अंसारी, इलियास अंसारी, मुमताज अंसारी, शमशाद अंसारी, अफरोज अंसारी, सादिक अंसारी, अफसर अंसारी, खुर्शीद अंसारी, परवेज अंसारी, तौफीक अंसारी, बबलू अंसारी और वासिफ अंसारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

और पढ़ें