लोहरदगा में फुटबॉल का नया उत्सव, लोहरदगा प्रीमियर लीग 2025 का भव्य आगाज़
By Team Lohardaga live


लोहरदगा। राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट की तर्ज पर लोहरदगा जिले में फुटबॉल खेल को नई पहचान देने के उद्देश्य से नदिया ग्राउंड में लोहरदगा प्रीमियर लीग 2025’ का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन ने जिले के खेलप्रेमियों में जबरदस्त उत्साह भर दिया है।
टूर्नामेंट के दूसरे दिन का शुभारंभ जिले के उप विकास आयुक्त दिलीप सिंह शेखावत और टूर्नामेंट के संयोजक अभिनव सिद्धार्थ ने संयुक्त रूप से किया। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाया और खेल भावना के साथ मैदान में उतरने का संदेश दिया।
यह पहला मौका है जब लोहरदगा में इस स्तर का फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन की पहल सांसद सुखदेव भगत ने की है, जिनका उद्देश्य जिले की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने का है। इस प्रतियोगिता की खासियत यह है कि इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल खिलाड़ी स्थानीय खिलाड़ियों के साथ मैदान साझा कर रहे हैं। कुछ विदेशी खिलाड़ी भी टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं, जिससे दर्शकों में रोमांच और भी बढ़ गया है।
जिले के सभी आठ प्रखंडों के नाम पर कुल आठ टीमें इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। मैचों की श्रृंखला 10 नवंबर तक चलेगी, जिसमें फाइनल मुकाबले का बेसब्री से इंतजार रहेगा।
विजेता टीम को आकर्षक नकद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मोटरसाइकिल और आईफोन जैसे उपहारों से सम्मानित किया जाएगा।
इस आयोजन ने लोहरदगा में खेल संस्कृति को नई दिशा दी है। मैदान में खिलाड़ियों के जोश और दर्शकों की तालियों ने साबित कर दिया है कि लोहरदगा अब केवल झारखंड का एक जिला नहीं, बल्कि उभरता हुआ फुटबॉल हब बनता जा रहा है।
