विश्व पर्यटन दिवस पर न्यू मित्तल ट्रेवल्स को मिला राज्य स्तरीय सम्मान
By Team orangehindi

पर्यटन क्षेत्र में योगदान के लिए लोहरदगा की संस्था को ‘बेस्ट ट्रैवल एजेंट अवॉर्ड’, राज्यभर से दो एजेंटों का हुआ चयन
लोहरदगा। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर लोहरदगा की न्यू मित्तल ट्रेवल्स को झारखंड के पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘बेस्ट ट्रैवल एजेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह का आयोजन 27 सितंबर को रांची स्थित आद्रे हाउस में किया गया।
झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल एवं युवा कार्य विभाग की ओर से आयोजित समारोह में राज्यभर से दो ट्रैवल एजेंटों का चयन इस सम्मान के लिए किया गया था। इनमें लोहरदगा की न्यू मित्तल ट्रेवल्स का चयन जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
समारोह में पर्यटन विभाग के सचिव मुकेश कुमार, निदेशक प्रियेश नमन लकड़ा, जनरल मैनेजर राजीव कुमार तथा आईएचएम रांची के प्राचार्य डॉ. भूपेश ने न्यू मित्तल ट्रेवल्स के निदेशक कौशल मित्तल को सम्मान प्रदान किया।
न्यू मित्तल ट्रेवल्स लंबे समय से यात्रा एवं पर्यटन सेवाओं के क्षेत्र में कार्यरत है। संस्था की ओर से एयर टिकट, रेल टिकट, टूर पैकेज, होटल बुकिंग और हेलीकॉप्टर टिकट समेत विभिन्न यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अलावा लोहरदगा समेत झारखंड के पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में भी संस्था की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं।
सम्मान मिलने के बाद कौशल मित्तल ने झारखंड सरकार और पर्यटन विभाग के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि न्यू मित्तल ट्रेवल्स की पूरी टीम और लोहरदगा के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि सम्मान से पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों को नई ऊर्जा मिलेगी।