Orange hindi lohardaga live

नवनिर्मित सामुदायिक शौचालय का हुआ उद्घाटन

By Team Lohardaga live

General
नवनिर्मित शौचालय

लोहरदगा। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर हिण्डाल्को गुरदरी बॉक्साइट माइंस के सीएसआर विभाग द्वारा पंचायत भवन परिसर में बनाए गए नवनिर्मित सामुदायिक शौचालय का उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि क्लस्टर हेड नेतरहाट प्रदीप भालेकर और विशिष्ट अतिथि विद्या सागर सिंह ने संयुक्त रूप से शौचालय का लोकार्पण किया।

सीएसआर टीम ने बताया कि पंचायत भवन परिसर में नियमित बैठकों के अलावा प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं बैंकिंग कार्यों हेतु पहुंचती हैं। शौचालय की सुविधा नहीं होने से उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सीएसआर द्वारा दो महिलाओं और दो पुरुषों हेतु आदर्श सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया है।

स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए इस शौचालय को आदर्श मॉडल के रूप में विकसित किया गया है, जिसमें दिव्यांगजन के लिए भी विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि सभी वर्ग के लोग इसका लाभ ले सकें।

विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर सीएसआर टीम ने आवासीय विद्यालय चौरापाठ, जोभीपाठ और सखुआपानी विद्यालयों में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। बच्चों को खुले में शौच से बचने और स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने की अपील की गई।

उद्घाटन कार्यक्रम में गुरदरी पंचायत की मुखिया पुष्पा चोरांठ, बैंक ऑफ बड़ौदा गुरदरी शाखा प्रबंधक, माइंस मानव संसाधन विभाग के अजित सिंह, रणवीर सिंह, सीएसआर टीम के राकेश तिवारी, अनिल साहू, मनोज कुमार, अंकित गिरी, अन्वेशा सत्पथी, ज्ञान पांडा, सत्यव्रत नंदा, विमल असुर, विजय वीडियो, एफ्रेम मुण्डा सहित कई लोग उपस्थित थे।

स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए हिण्डाल्को सीएसआर टीम की प्रशंसा की और इसे ग्रामवासियों के लिए लाभकारी कदम बताया।