लोहरदगा में नवविवाहिता की हत्या, पिता ने दहेज हत्या का लगाया आरोप
By Team Lohardaga Live

गुमला जिले के पुसो थाना क्षेत्र के लोहंजरा निवासी महमूद अंसारी ने लोहरदगा सदर थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर हत्या का आरोप लगाया है।
लोहरदगा। जिले के सदर थाना क्षेत्र के कैमो महुआ टोली में एक नवविवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। गुमला जिले के पुसो थाना क्षेत्र के लोहंजरा निवासी महमूद अंसारी ने लोहरदगा सदर थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर आरोप लगाया है कि उनकी 18 वर्षीय बेटी आफ़रीन प्रवीण की हत्या उसके ससुराल पक्ष ने दहेज के कारण कर दी है।
*शादी के बाद से ही प्रताड़ना*
आवेदन में पिता महमूद अंसारी ने बताया है कि उनकी बेटी की शादी कैमो महुआ टोली निवासी मुस्ताक अंसारी के पुत्र फारूक अंसारी के साथ 30 जुलाई 2025 को मुस्लिम रीति रिवाज के साथ दोनों परिवार की सहमती से हुई थी। लेकिन शादी के एक सप्ताह के बाद ही ससुराल पक्ष ने बेटी के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया और 3 लाख नगद मांगने लगे।
*कर्ज लेकर दिया एक लाख*
पिता ने किसी तरह कर्ज लेकर 1 लाख नगद दामाद पक्ष को दिया, लेकिन कुछ माह बाद फिर से बेटी के साथ मारपीट और प्रताड़ना शुरू कर दी गई। दोबारा से मारपीट होने की सूचना पर महमूद अंसारी ने कर्ज लेकर 50 हजार रुपये दामाद को उसके घर जाकर दिया।
*हत्या की सूचना*
लेकिन इसके बाद भी बेटी के साथ मारपीट जारी रही महमूद अंसारी जब घर पहुंचे तो बेटी की हत्या हो चुकी थी। मृतिका के शरीर पर मारपीट के गंभीर निशान थे और पीठ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में खून का थक्का जम गया था।
*कठोर कार्रवाई की मांग*
महमूद अंसारी ने सदर थाना में आवेदन देकर बेटी के ससुराल पक्ष पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की हत्या दहेज के कारण की गई है और इसमें फारूक अंसारी, मुस्ताक अंसारी, तरूजा खातून, रूमाना खातून, रेहाना खातून और उस्मान अंसारी शामिल हैं।
