छोटानागपुर बक्साईड एंड कोल वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष बने निशीथ जायसवाल
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। छोटानागपुर बक्साईड एंड कोल वर्कर्स यूनियन में श्रमिक आंदोलन को नई दिशा देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण संगठनात्मक बदलाव किया गया है। पूर्व सांसद एवं यूनियन के प्रदेश महासचिव धीरज प्रसाद साहू ने निशीथ जायसवाल को लोहरदगा इकाई का अध्यक्ष मनोनीत किया है। इस नियुक्ति से संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और मजदूर हितों की मजबूत पैरवी की उम्मीद जताई जा रही है।
निशीथ जायसवाल लंबे समय से सामाजिक और श्रमिक मुद्दों से जुड़े रहे हैं। उनकी सक्रियता और संगठन क्षमता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्ति की घोषणा करते हुए धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि मजदूर वर्ग देश की उत्पादन शक्ति की रीढ़ है और उनके अधिकारों की रक्षा करना यूनियन का मुख्य दायित्व है।
यूनियन की संशोधित कार्यकारिणी भी घोषित की गई है। इसके तहत निशीथ जायसवाल को अध्यक्ष, सोहराब अंसारी और अंबर कुमार सिंह को कार्यकारी अध्यक्ष, विशाल डुंगडुंग को कोषाध्यक्ष, एकरामुल अंसारी को उपाध्यक्ष, संदीप कुजूर और प्रभात कुमार टोप्पो को सचिव, अनिल उरांव और शिव उरांव को सह सचिव, नागेंद्र सिंह को संगठन मंत्री तथा बरनवास ठीठीयो, हरिश्चंद्र भूईया, रमन नगेसिया, मनोज उरांव और राजेंद्र सिंह को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है।
नव-नियुक्त अध्यक्ष निशीथ जायसवाल ने कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मजदूरों के वेतन, कार्यस्थल की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यूनियन किसी भी प्रकार के अन्याय या शोषण को बर्दाश्त नहीं करेगी और लोकतांत्रिक तरीके से मजदूर हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।
नई कार्यकारिणी के गठन से श्रमिकों में उत्साह का माहौल है और उम्मीद जताई जा रही है कि संगठन आने वाले समय में मजदूरों की आवाज और प्रभावी ढंग से बुलंद करेगा।
