Orange hindi lohardaga live

नाम निर्देशन की प्रक्रिया शुरू, 4 फरवरी तक दाखिल होंगे नामांकन

By Team Lohardaga live

Administrative
नगर निकाय चुनाव

नगर परिषद अध्यक्ष सहित 23 वार्ड पार्षद पदों के लिए चुनावी प्रक्रिया तेज

लोहरदगा। नगरपालिका (आम) निर्वाचन के तहत लोहरदगा नगर परिषद चुनाव को लेकर नाम निर्देशन की प्रक्रिया गुरुवार 29 जनवरी से प्रारंभ हो गई है। यह प्रक्रिया 4 फरवरी को अपराह्न 3 बजे तक जारी रहेगी। इच्छुक उम्मीदवार पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन पत्र क्रय कर उसे भरकर जमा कर सकते हैं।

नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने वाले अभ्यर्थी अपर समाहर्ता-सह-निर्वाची पदाधिकारी, लोहरदगा के कार्यालय से नामांकन पत्र प्राप्त कर सकते हैं।

वहीं वार्ड पार्षद पदों के लिए अलग-अलग निर्वाची पदाधिकारियों को नामांकन पत्र क्रय एवं जमा करने की व्यवस्था की गई है। वार्ड संख्या 01 से 06 तक के लिए निर्वाची पदाधिकारी-सह-भूमि सुधार उपसमाहर्ता के अनुमंडल कार्यालय से नामांकन किया जाएगा।

वार्ड संख्या 07 से 12 तक के अभ्यर्थी निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी के कार्यालय, समाहरणालय भवन के नीचे तल से नामांकन पत्र ले सकते हैं।

इसी तरह वार्ड संख्या 13 से 18 तक के लिए निर्वाची पदाधिकारी-सह-कार्यपालक दंडाधिकारी, लोहरदगा के जिला नजारत स्थित कार्यालय में नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

वार्ड संख्या 19 से 23 तक के वार्ड पार्षद पद के लिए निर्वाची पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी के समाहरणालय भवन के प्रथम तल स्थित पीएमयू कार्यालय (अपर समाहर्ता कार्यालय के बगल में) से नामांकन पत्र क्रय एवं जमा किया जा सकेगा।

चुनाव प्रक्रिया के शुरू होते ही नगर परिषद क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और विभिन्न दलों के संभावित प्रत्याशी नामांकन की तैयारी में जुट गए हैं।