प्रीमियर लीग में सिर्फ बॉल नहीं, सपनों को भी मिलेगी उड़ान : सुखदेव भगत
By Team Lohardaga live

लोहरदगा में आयोजित होने वाले लोहरदगा प्रीमियर लीग (LPL) का आयोजन इस बार भव्य रूप से किया जाएगा। टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। लोहरदगा के सांसद एवं जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष सुखदेव भगत ने आज लीग के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि एलपीएल का आयोजन ऐतिहासिक होने जा रहा है। यहां के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को नई दिशा और पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट में सिर्फ बॉल नहीं, बल्कि सपने भी उड़ान भरेंगे। यह केवल खेल का मंच नहीं, बल्कि आत्मसम्मान का प्रतीक भी है।
प्रीमियर लीग के संयोजक अभिनव सिद्धार्थ भगत ने कहा कि यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने का एक सुनहरा अवसर है। पूरे जिले में इस आयोजन को लेकर गजब का उत्साह है। उन्होंने कहा कि एलपीएल केवल मैदान पर खेल दिखाने का मौका नहीं, बल्कि अपनी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास को साबित करने का भी मंच है।
इस अवसर पर लीग का थीम सॉन्ग भी प्रस्तुत किया गया, जिसने खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया। यह गीत पूरे जिले की भागीदारी और उत्साह को दर्शाता है। कार्यक्रम में आयोजन समिति के सदस्यगण, खिलाड़ी और स्थानीय खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
