Orange hindi lohardaga live

सुनीता की मौत पर NSUI का अल्टीमेटम, निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो सड़क से सदन तक होगा आंदोलन

By Team orangehindi

General
सुनीता की मौत पर NSUI का अल्टीमेटम, निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो सड़क से सदन तक होगा आंदोलन

विद्यालय प्रशासन और वार्डन की भूमिका की जांच की मांग, पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और आवासीय विद्यालयों की व्यवस्था सुधारने पर जोर

लोहरदगा, 17 अक्टूबर।

किस्को प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की कक्षा सात की छात्रा सुनीता कुमारी की मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। घटना को लेकर NSUI ने विद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच, दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि परिवार को न्याय नहीं मिला, तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

NSUI के प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव ने 16 अक्टूबर को जिला कमेटी के साथ विद्यालय पहुंचकर मामले की जानकारी ली। इसके बाद 17 अक्टूबर को उन्होंने छात्राओं और अभिभावकों से बातचीत की तथा मृतका के परिजनों से मिलकर न्याय दिलाने का भरोसा दिया। सुनीता कुमारी, पिता तिसर लोहरा, अगरडीह रनगड़ा की निवासी थी।

विनय उरांव ने कहा कि एक गरीब परिवार की बच्ची की मौत बेहद गंभीर मामला है। इसकी सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने विद्यालय प्रशासन और वार्डन की भूमिका की जांच कर किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही जिले के सभी आवासीय विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छ भोजन, पेयजल और आवासीय व्यवस्था की समीक्षा करने पर जोर दिया।

NSUI के पूर्व जिला अध्यक्ष मनौव्वर आलम ने कहा कि आवासीय विद्यालयों में छात्राओं की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना और अभिभावकों को सूचना देना प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि इस मामले में लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

संगठन ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के साथ पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग पर संघर्ष जारी रहेगा। मौके पर प्रदेश महासचिव सविता कुमारी, जिला महासचिव आर्यन भगत, बीएस कॉलेज अध्यक्ष अनूप उरांव, कॉलेज सचिव हेमा मिंज सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

और पढ़ें