41वें फुटबॉल टूर्नामेंट में NYC FC ने मारी बाजी, पेनल्टी शूटआउट में जीता खिताब
By Team orangehindi

खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और अनुशासन से लक्ष्य हासिल करने का संदेश, हिसरी स्कूल मैदान में जुटीं 24 टीमें
लोहरदगा। किस्को प्रखंड के हिसरी ग्राम स्थित स्कूल मैदान में नेहरू युवा क्लब हिसरी के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय 41वें फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन हुआ। प्रतियोगिता में कुल 24 टीमों ने हिस्सा लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबला एनवाईसीसी और ऑलवेज रेडी टीम के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट से विजेता का फैसला हुआ। इसमें एनवाईसीसी ने ऑलवेज रेडी को हराकर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। किंग आर्यन की टीम तीसरे स्थान पर रही।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि लोहरदगा जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखैर भगत ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन समिति ने उनका शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। फाइनल से पूर्व उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए सुखैर भगत ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है और इसके माध्यम से खिलाड़ी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। लोहरदगा जिले में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित प्रोत्साहन और अवसर देने की है। उन्होंने युवाओं से फुटबॉल को केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रखने तथा अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ खेल में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि नशा परिवार और समाज दोनों के लिए नुकसानदायक है। इस दौरान विजेता, उपविजेता सहित अन्य टीमों के खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा नगद पुरस्कार एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
मौके पर नेहरू युवा क्लब के मुख्य संरक्षक नेसार अहमद, जिप सदस्य संदीप कुमार, सलीम अंसारी बड़े, सोनू कुरैशी, तारीख अनवर, मुखिया रवि उरांव सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।