स्थानीय खिलाड़ियों को नई उड़ान भरने का मंच प्रदान करना उद्देश्य : सांसद सुखदेव भगत
By Teem Lohardaga live

यहां मेहनत दिखेगी, हुनर निखरेगा और सपनों को नई दिशा मिलेगी
लोहरदगा : लोहरदगा फुटबॉल संघ के अध्यक्ष सह लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने मंगलवार को बैठक कर आगामी 3 नवंबर से पहली बार शुरू होने वाली लोहरदगा प्रीमियर लीग (एलपीएल) की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने ग्राउंड की साफ-सफाई, निमंत्रण पत्र वितरण, राज्य, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कोच, सेलेक्टर, रेफरी एवं खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन-पानी की व्यवस्था आदि की विस्तृत समीक्षा की।
इस मौके पर सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि लोहरदगा की मिट्टी में फुटबॉल केवल एक खेल नहीं, बल्कि एक जज़्बा है। हर सुबह जब मैदानों पर धूल उड़ती है, तब वहां सिर्फ बॉल नहीं, सपने भी उड़ान भरते हैं। कभी रबर की गेंद, कभी कपड़े से बनी, कभी बिना जूतों के, लेकिन जुनून हमेशा पूरा रहा। अब वही सपना लोहरदगा प्रीमियर लीग के रूप में साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा सपना है कि लोहरदगा फुटबॉल का केंद्र बने, जहां हर गांव, हर स्कूल और हर मैदान से नई कहानियां निकलें। यह लीग सिर्फ खिलाड़ियों के लिए नहीं, बल्कि हर उस बच्चे के लिए है, जो अब तक गेंद को सपना समझता था, मौका नहीं। हम चाहते हैं कि इस टूर्नामेंट से फुटबॉल को वह पहचान मिले, जिसकी वह हकदार है। यहां मेहनत दिखेगी, हुनर निखरेगा और सपनों को नई दिशा मिलेगी।
एलपीएल के संयोजक अभिनव सिद्धार्थ ने कहा कि यह केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उस भावना की वापसी है जो वर्षों से हमारे भीतर सुलग रही थी। यह सिर्फ खेल का नहीं, आत्मसम्मान का भी मंच होगा, जहां हर गोल, हर पास और हर जीत कहेगी हम कर सकते हैं।
बैठक में मुख्य रूप से सांसद के निजी सचिव आलोक साहू, सांसद प्रतिनिधि सह एलपीएल के सह संयोजक साजिद अहमद चंगू, सोनू कुरैशी, शाहिद अहमद वेलू, सांसद प्रतिनिधि समीद अंसारी, विजय चौहान, राधेश्याम साहू, दयानंद उरांव, नंदू शुक्ला, मनोज सोन तिर्की, मनोज भगत सहित अनेक खिलाड़ी और तैयारी समिति के सदस्य मौजूद थे।
