संविधान दिवस पर पदाधिकारियों व कर्मियों ने ली शपथ
By Team Lohardaga live

समाहरणालय परिसर में उपायुक्त ने दिलाई संविधान की उद्देशिका की शपथ
लोहरदगा। भारतीय संविधान दिवस पर बुधवार को समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को संविधान की उद्देशिका के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई। इस दौरान भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथ-निरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने तथा सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया गया।
शपथ में राष्ट्र की एकता, अखंडता और व्यक्ति की गरिमा को सुदृढ़ करने वाली बंधुता को बढ़ावा देने का आह्वान भी किया गया। संविधान दिवस पर यह शपथ जिले एवं प्रखंड के अन्य सभी कार्यालयों में भी आयोजित की गई।
कार्यक्रम में आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
