Orange hindi lohardaga live

गांधी जयंती पर अधिकारियों ने दिया स्वच्छता का संदेश, समाहरणालय मैदान में किया श्रमदान

By Team orangehindi

General
गांधी जयंती पर अधिकारियों ने दिया स्वच्छता का संदेश, समाहरणालय मैदान में किया श्रमदान

उपायुक्त समेत पदाधिकारियों ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन, ली स्वच्छता की शपथ

लोहरदगा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। उपायुक्त संदीप कुमार मीना समेत जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने गुदड़ी बाजार स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान महात्मा गांधी के स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करने के साथ लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा को भी स्मरण किया गया।

इसके बाद समाहरणालय मैदान में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत विशेष स्वच्छता कार्यक्रम चलाया गया। उपायुक्त के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मियों ने स्वयं श्रमदान कर मैदान की साफ-सफाई की। उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक दायित्व है। प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही स्वच्छ और विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों ने स्वच्छता शपथ लेकर अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, गंदगी नहीं करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। ‘न गंदगी करेंगे, न करने देंगे’ के संदेश के साथ स्वच्छता को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

मौके पर पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार समेत विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित थे।

और पढ़ें