डालसा की पहल पर मानसिक रूप से अस्वस्थ अज्ञात महिला को रिनपास भेजा गया
By Team Lohardaga live

पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और सखी वन स्टॉप सेंटर के समन्वय से मिला उपचार; सचिव ने टीम की सराहना की
लोहरदगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की पहल पर सदर प्रखंड के भट्खिजरी पंचायत भवन के समीप भटक रही एक अज्ञात मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को उपचार के लिए रांची स्थित रिनपास भेजा गया। पूरी प्रक्रिया पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और डालसा के समन्वित प्रयास से संपन्न हुई।
जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई को पीएलवी इजहार अहमद को महिला के पिछले दो दिनों से क्षेत्र में भटकने की सूचना मिली। उन्होंने इसकी जानकारी तत्काल जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तथा संबंधित अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर सदर महिला थाना प्रभारी बिनता हेम्ब्रम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और महिला की पहचान तथा उसके परिजनों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन महिला कोई जानकारी देने की स्थिति में नहीं थी।
इसके बाद महिला को सुरक्षा के साथ महिला थाना लाया गया, जहां से उसे प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत उसकी देखभाल के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षित ठहराने की व्यवस्था की गई।
जिला चिकित्सा पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी की अनुशंसा के बाद महिला को बेहतर मानसिक स्वास्थ्य उपचार के लिए रांची स्थित रिनपास रेफर किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और महिला पुलिसकर्मियों ने आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव मनोरंजन कुमार ने भी महिला से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना। उन्होंने पूरी प्रक्रिया में सहयोग करने वाले पुलिस अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग, सखी वन स्टॉप सेंटर के कर्मियों तथा पीएलवी इजहार अहमद के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद, असहाय और बेसहारा लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना जिला विधिक सेवा प्राधिकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में डालसा लगातार कार्य करता रहेगा।