सांसद सुखदेव भगत की अनुशंसा पर तीन परिवारों को पीएम राहत कोष से आर्थिक सहायता
By Team Lohardaga live

5.41 लाख रुपये से अधिक की सहायता स्वीकृत, लाभुकों ने जताया आभार
लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत की अनुशंसा पर प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से तीन जरूरतमंद परिवारों के लिए कुल 5,41,250 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। सहायता राशि मिलने से लाभुक परिवारों ने राहत मिलने पर सांसद के प्रति आभार व्यक्त किया है।
स्वीकृत राशि के तहत लोहरदगा जिले के पेशरार प्रखंड स्थित सिंदूरटोली, सिंदूर निवासी श्रीमती भूखईन उरांव (पति- जागीर उरांव) को 1,91,250 रुपये तथा सिंदूर गांव निवासी सुकरा भगत (पिता- जागीर भगत) को 3,00,000 रुपये की सहायता प्रदान की गई है। वहीं रांची जिले के चान्हो प्रखंड अंतर्गत पंडरी गांव निवासी आसिफा तबस्सुम (पति- मोहम्मद जुबैर) को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत हुई है।
आर्थिक सहायता स्वीकृत होने पर लाभुकों ने सांसद सुखदेव भगत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन समय में मिली यह मदद उनके लिए बड़ी राहत साबित होगी।
इस संबंध में सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि जनता की सेवा ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी जरूरतमंद परिवार पर संकट आने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। प्रधानमंत्री राहत कोष के माध्यम से पात्र लोगों तक आर्थिक सहयोग पहुंचाना जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है।
सांसद ने कहा कि भविष्य में भी लोहरदगा संसदीय क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और राहत कार्यक्रमों का लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उनके प्रयासों से अनेक मरीजों और जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है।