Orange hindi lohardaga live

पीएम श्री विद्यालयों के प्रबंधन समिति सदस्यों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण सह सम्मेलन आयोजित

By Team Lohardaga live

Education
सदस्यों को सम्मानित करती जिला शिक्षा अधिकारी

विद्यालयों के गुणवत्तापूर्ण संचालन और समग्र विकास पर दिया गया जोर

लोहरदगा। झारखंड शिक्षा परियोजना, लोहरदगा के तत्वावधान में पीएम श्री विद्यालयों के विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्यों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण सह सम्मेलन रविवार को जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय नदिया, हिन्दू, लोहरदगा में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, झारखंड शिक्षा परियोजना, लोहरदगा, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी सह प्रभारी, क्षेत्र प्रबंधक, सिनी टाटा ट्रस्ट के जिला समन्वयक, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

पीएम श्री विद्यालयों के संचालन की दी गई जानकारी

अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने स्वागत संबोधन में सभी विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्यों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों का स्वागत किया। उन्होंने पीएम श्री विद्यालयों के गुणवत्तापूर्ण संचालन से संबंधित विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल 9 पीएम श्री विद्यालय संचालित हैं।

समिति के दायित्वों और शिक्षा नीति पर चर्चा

सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी ने विषय प्रवेश कराते हुए विद्यालय प्रबंधन समिति के कार्य एवं दायित्व, उनकी जिम्मेदारियां, समिति की संरचना, बैठक की कार्यवाही का विधिवत संधारण, अनुश्रवण प्रक्रिया, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, निशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 तथा विद्यालय विकास योजना जैसे विषयों पर पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी।

पीएम श्री योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पहल

जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि पीएम श्री योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत छात्रों के समग्र विकास, पर्यावरण संरक्षण, सस्टेनेबिलिटी, विद्यालयों का आधुनिकीकरण, स्मार्ट क्लासरूम, कंप्यूटर एवं विज्ञान प्रयोगशालाओं की स्थापना, शिक्षकों का प्रशिक्षण तथा समुदाय की भागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने विद्यालयों को प्राप्त अनुदान के शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण उपयोग, अभिलेखों के नियमानुसार संधारण, सामाजिक चेतना, हैंडवाश सुविधा, रनिंग वाटर युक्त शौचालय, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही बाल विवाह रोकथाम और छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को किया गया सम्मानित

पीएम श्री विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित सदस्यों में मनोज ठाकुर (जिंगी), धुचु उरांव (सढ़ाबे), राजकिशोर राम (चितरी डांरु), सुमति देवी (नावाडीहपाड़ा), आनंदपाल उरांव (विढनी), बिमला उरांव (बिटपी), सोमरी उरांव (केजीबीभी, सेन्हा), उषा देवी (केजीबीभी, किस्को) एवं दीपक कुमार (कुजरा) शामिल हैं।

समूह गतिविधि और मंच संचालन

सिनी टाटा ट्रस्ट के प्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभागियों के लिए समूह गतिविधि का आयोजन किया गया। मंच का संचालन जीतेन्द्र मित्तल ने किया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ सम्मेलन का समापन किया गया।