पेसा कानून पर एकदिवसीय कार्यशाला 11 जनवरी को
By Team Lohardaga live

तैयारियों को लेकर विशेष बैठक आयोजित
लोहरदगा। पेसा कानून को जन–जन तक पहुँचाने तथा इसके प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आगामी 11 जनवरी 2026 को सांस्कृतिक कला केंद्र भवन, कचहरी मोड़, लोहरदगा में एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यशाला की तैयारियों एवं जिम्मेदारियों के बंटवारे को लेकर लोहरदगा सरना स्थल परिसर में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में लक्ष्मी नारायण भगत, वीरेंद्र उरांव, दीवान बजरंग उरांव, जगदीश भगत, मंजन उरांव, अरविंद उरांव सहित समाज के कई प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र उरांव बैठक में शामिल हुए।
बैठक के दौरान कार्यशाला की रूपरेखा, विभिन्न समितियों का गठन, कार्य विभाजन, आमंत्रण पत्रों के वितरण तथा कार्यक्रम की व्यवस्थाओं से जुड़े सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने सामूहिक रूप से बताया कि कार्यशाला की अधिकांश तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
आयोजकों ने समाज के बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की। कार्यशाला में पेसा कानून के प्रावधानों, ग्रामसभा के अधिकारों तथा आदिवासी समुदाय को प्राप्त संवैधानिक अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
इस एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन जिला राजी पड़हा व्यवस्था, लोहरदगा के तत्वावधान में किया जा रहा है।
