सड़क हादसे में एक की मौत, एक घायल, सुरक्षा इंतज़ाम नदारद, सड़क सुरक्षा समिति पर उठे सवाल
By Teem Lohardaga live

लोहरदगा। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देर शाम सीठियो ईटा सिमाने के पास हुए एक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही सेन्हा थाना प्रभारी वारिस हुसैन दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, बरही निवासी धनु बैठा का पुत्र बंधन बैठा सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान सीठियो निवासी महेश साहू का पुत्र सुमन साहू उर्फ छोटका अपनी बाइक से वहां से गुजर रहे थे। अचानक हुई टक्कर में बंधन बैठा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे में बाइक सवार सुमन साहू भी घायल हो गए हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सीठियो ईटा सिमाने का यह इलाका लगातार हादसों का केंद्र बना हुआ है, लेकिन फिर भी प्रशासन या सड़क सुरक्षा समिति ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। न तो सड़क किनारे साइन बोर्ड लगाए गए हैं, न ही रात में दृश्यता बढ़ाने के लिए स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की गई है।
लोगों का कहना है कि सड़क सुरक्षा समिति सिर्फ जागरूकता अभियान चलाने तक ही सीमित है, जबकि वास्तविक स्तर पर कोई सुधार नहीं किया गया है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर इस मार्ग पर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
