लोहरदगा में कार से एक क्विंटल अड़सठ किलो गांजा बरामद, दो गिरफ्तार
By Team Lohardaga live

लगातार दूसरे दिन भी कुडू पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी,
कुडू -लोहरदगा : नशे के खिलाफ अभियान में कुडू थाना पुलिस को लगातार दूसरे दिन बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक कार से एक क्विंटल अड़सठ किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। लोहरदग़ा पुलिस कप्तान सादीक़ अनवर रिज़वी ने कुडू थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उड़ीसा से बिहार की ओर गांजे की बड़ी खेप कार से लाई जा रही है। सूचना के आधार पर कुडू थाना प्रभारी को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। पुलिस ने संख–लुकैया मार्ग पर घेराबंदी की। इसी दौरान बिहार नंबर की फोर्ड फिएस्टा कार रजिस्ट्रेशन संख्या बीआर11जेड–3556 पुलिस को देख भागने लगी। पीछा करने पर कार बढ़की चापी के पास कलवा ढोढा पुल के समीप पेड़ से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार की तलाशी में 42 पैकेट गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान ओडिसा के झालसुगड़ा जिला अंतर्गत बेलपहाड़ निवासी अमिश कुमार लाल पिता संजय लाल अन बिहार के औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना अंतर्गत नरौला निवासी आकाश राय पिता ओसियर राय के रूप में हुई है। एसपी श्री रिज़वी ने बताया कि बरामद गांजे का सटीक वजन एक क्विंटल अड़सठ किलोग्राम और इसकी अनुमानित बाज़ार कीमत लगभग 70 लाख बताया जा रहा है। मौके पर इंस्पेक्टर संदीप रंजन, कुडू सीओ संतोष उरांव, थाना प्रभारी मनोज कुमार, एसआई अश्विनी कुमार उपस्थित थे। गौरतलब है कि इससे एक दिन पूर्व गुरुवार को भी कुडू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 413 पेटियों में करीब 50 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की थी। लगातार दो दिनों में हुई इन कार्रवाइयों से नशे के सौदागरों में हड़कंप मच गया है, वहीं कुडू पुलिस की तत्परता और कार्रवाई की व्यापक सराहना की जा रही है।
