नंदिनी डैम पर कट्टा दिखाकर ऑनलाइन लूट, 3500 रुपये मंगवाए, 2500 लौटाए
By Team orangehindi

पांच युवकों पर वारदात का आरोप, कार सवार तीन संदिग्ध हिरासत में; पुलिस कर रही पूछताछ
भंडरा (लोहरदगा)। भंडरा थाना क्षेत्र का प्रमुख पर्यटन स्थल नंदिनी डैम एक बार फिर आपराधिक गतिविधि को लेकर चर्चा में है। रविवार को डैम घूमने पहुंचे एक युवक से पांच अज्ञात युवकों द्वारा कथित तौर पर देशी कट्टा दिखाकर ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर कराने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है।
भीठा गांव निवासी लालदेव उरांव का पुत्र सुमित उरांव रविवार को मोटरसाइकिल से नंदिनी डैम घूमने गया था। बताया गया कि डैम के सुनसान हिस्से में पांच युवक उसके पास पहुंचे और हथियार दिखाकर रुपये की मांग की। सुमित के पास नकद राशि नहीं होने पर आरोपियों ने उसके पिता को फोन करवाया और अपने क्यूआर कोड पर 3500 रुपये ऑनलाइन भेजने को कहा। इसके बाद राशि का कथित रूप से ऑनलाइन भुगतान कराया गया।
2500 रुपये वापस करने की बात भी सामने आई
घटना के बाद सुमित ने कथित तौर पर अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए आरोपियों से रुपये वापस करने की गुहार लगाई। इसके बाद आरोपियों ने उसके दोस्त के फोन-पे खाते में 2500 रुपये वापस कर दिए। इस तरह शिकायत के अनुसार 3500 रुपये की ऑनलाइन राशि में से 1000 रुपये ही अपने पास रखे गए।
घटना की सूचना मिलने पर भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ नंदिनी डैम पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास से एक मारुति 800 कार के साथ तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया और थाने लाकर पूछताछ शुरू की। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और वारदात में हथियार के इस्तेमाल समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।