Orange hindi lohardaga live

सक्रिय और ऊर्जावान कार्यकर्ता को ही मिलेगा जिला अध्यक्ष का दायित्व :- सुखदेव भगत

By Team Lohardaga live

political
हिमाचल प्रदेश में कार्यकर्ताओं से रायसुमारी के बाद सांसद सुखदेव भगत

हिमाचल प्रदेश में संगठन सृजन अभियान के तहत सांसद लगातार ले रहे हैं कार्यकर्ताओं की राय

लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं हिमाचल प्रदेश के एआईसीसी ऑब्जर्वर सुखदेव भगत ने अपने तीसरे दिन के दौरे में डलहौजी और तीस्सा प्रखंड का भ्रमण किया। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद सुखदेव भगत ने स्पष्ट किया कि जिला अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद की नियुक्ति जल्दबाजी में नहीं की जाएगी। इसके लिए पार्टी हाईकमान से विमर्श, पदाधिकारियों के अनुभव, कार्यशैली, निष्ठा और संगठनात्मक योगदान की विस्तृत जांच-पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि सच्चाई जमीन पर उतरकर ही समझी जा सकती है, इसलिए वे स्वयं हिमाचल प्रदेश पहुंचे हैं और जिला अध्यक्ष पद के इच्छुक उम्मीदवारों के साथ-साथ सक्रिय कार्यकर्ताओं की राय भी ले रहे हैं।

उन्होंने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद पार्टी हाईकमान के दूरदर्शी दिशा-निर्देशों के अनुरूप संगठन को नए स्वरूप में ढालने की प्रक्रिया जारी है। इसी कड़ी में पार्टी की संरचना में सकारात्मक बदलाव लाते हुए ऊर्जावान, सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को जिला, ब्लॉक और माइक्रो लेवल पर नेतृत्व की जिम्मेदारी देने की पहल की जा रही है।

सुखदेव भगत ने कहा कि लंबे समय से पार्टी के प्रति समर्पित और जनप्रिय कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपने के लिए संगठन सृजन अभियान देशभर में एक व्यापक कार्यक्रम के रूप में चलाया जा रहा है। पार्टी का उद्देश्य है कि संगठन की बुनियाद मजबूत हो और नेतृत्व ऐसी जिम्मेदारियों तक पहुंचे जो जनसरोकारों और संगठन दोनों के प्रति सजग व प्रतिबद्ध हों।