Orange hindi lohardaga live

शिक्षा से ही खत्म होंगी डायन कुप्रथा और बाल विवाह : डॉ. रामेश्वर उरांव

By Team Lohardaga live

Administrative
कार्यक्रम में उपस्थित विधायक, डीसी व अन्य

अनुमंडल स्तरीय कार्यशाला में कुरीतियों के खिलाफ जनआंदोलन पर दिया जोर

लोहरदगा। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की ओर से मंगलवार को नया नगर भवन, लोहरदगा में सभी राज्य योजनाएं, बाल विवाह मुक्त झारखंड और मिशन शक्ति से संबंधित अनुमंडल स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि बाल विवाह और डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना इन कुरीतियों का उन्मूलन संभव नहीं है। आज भी समाज में कई लोग इन प्रथाओं को गलत नहीं मानते, जो बेहद चिंताजनक है।

विधायक ने कहा कि अधिकतर मामले ग्रामीण क्षेत्रों से सामने आते हैं, जहां शिक्षा का अभाव है। शहरी क्षेत्रों में ऐसी घटनाएं नगण्य होती हैं। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति शिक्षित हो जाए तो बाल विवाह और डायन प्रथा जैसी कुरीतियों को आसानी से समाप्त किया जा सकता है। इसके लिए हम सभी को मिलकर इसे जनआंदोलन का रूप देना होगा।

कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने कहा कि कुरीतियों के उन्मूलन के लिए जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से पंचायत कर गोइठ कार्यक्रम शुरू किया गया है, जिसके माध्यम से मुखिया और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले सरकारी कर्मियों से संवाद स्थापित किया जाता है।

उपायुक्त ने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए लगातार सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाती है और प्रत्येक बैठक में डायन कुप्रथा व बाल विवाह के उन्मूलन पर विशेष चर्चा होती है। पंचायत स्तर पर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित होने से संदेश पहुंचाना आसान हो गया है।

उन्होंने कहा कि जनआंदोलन के बिना इन कुरीतियों को समाप्त करना संभव नहीं है। शिक्षा के माध्यम से ही अंधविश्वास को खत्म किया जा सकता है। यदि समय रहते इन कुरीतियों का उन्मूलन नहीं किया गया तो कोई भी व्यक्ति इसकी चपेट में आ सकता है।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, डालसा सचिव राजेश कुमार, एसडीपीओ वेदांत शंकर, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह और डायन प्रथा के उन्मूलन की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, डीएसपी समीर तिर्की, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी सीडीपीओ, पंचायतों के मुखिया, आंगनबाड़ी सेविकाएं और सहायिकाएं उपस्थित थीं।