Orange hindi lohardaga live

राहुल गांधी के नेतृत्व में संसद परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन, अमेरिका के सामने मोदी ने किया सरेंडर : सुखदेव भगत

By Team Lohardaga live

political
प्रदर्शन करते सांसद

नई दिल्ली/लोहरदगा। संसद परिसर में बुधवार को विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के सांसदों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान संसद परिसर ‘सरेंडर मोदी’ के नारों से गूंज उठा।

प्रदर्शन में कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल, लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत सहित इंडिया गठबंधन के कई सांसद शामिल हुए। सांसदों ने केंद्र सरकार की विदेश और व्यापार नीति को लेकर सवाल उठाए।

प्रदर्शन के दौरान सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि क्या अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुद को भारत का कार्यवाहक प्रधानमंत्री समझने लगे हैं। उन्होंने कहा कि ट्रेड डील से जुड़ी घोषणाएं पहले अमेरिका की ओर से की जा रही हैं, न कि भारत के प्रधानमंत्री द्वारा। इसमें खुशी की कोई बात नहीं है।

सुखदेव भगत ने आरोप लगाया कि घुमा-फिराकर देश पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है और भारत से जुड़ी अहम जानकारियां ट्रंप के बयानों से सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत किस देश से तेल खरीदेगा, किसके साथ व्यापार समझौता करेगा, यह बातें भी अमेरिका की ओर से कही जा रही हैं।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या प्रधानमंत्री इतने कमजोर हो गए हैं कि देश की संप्रभुता से जुड़े फैसलों की जानकारी पहले किसी अन्य देश के नेता दे रहे हैं। सांसद ने आरोप लगाया कि मौजूदा स्थिति यह दर्शाती है कि देश को एक “सरेंडर प्रधानमंत्री” के रूप में नेतृत्व मिल रहा है।