राजस्थान में संगठन सृजन अभियान तेज, केंद्रीय पर्यवेक्षक सुखदेव भगत ने नेताओं-कार्यकर्ताओं से की रायशुमारी
By Team Lohardaga live

सांसद बोले, कांग्रेस एकता और अनुशासन से ही बनेगी मजबूत पार्टी, गुटबाजी नहीं होगी बर्दाश्त

लोहरदगा। कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के उद्देश्य से राजस्थान में चल रहे संगठन सृजन अभियान के तहत लोहरदगा सांसद सह केंद्रीय पर्यवेक्षक सुखदेव भगत ने राजसमंद जिले के कई प्रखंडों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिला अध्यक्ष के चयन को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से विस्तृत रायशुमारी की।
जहां-जहां वे पहुंचे, स्थानीय कांग्रेसजनों ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री भगत ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए एकता और अनुशासन सबसे जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी में गुटबाजी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्री भगत ने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रतिपक्ष नेता श्री राहुल गांधी के निर्देश पर राजस्थान में भी संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से जिला, प्रखंड और ग्राम स्तर तक पार्टी की जमीनी हकीकत और सक्रियता को परखा जा रहा है, ताकि संगठन को नए सिरे से मजबूत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ सत्ता में रहकर लोगों पर शासन करना चाहती है, जबकि कांग्रेस देश, संविधान और जनता की भलाई के लिए सत्ता में आती है।
सांसद भगत ने अंत में कार्यकर्ताओं से कहा कि जो भी कांग्रेस की विचारधारा, नीति और निष्ठा में विश्वास रखते हैं, उनका संगठन में खुले दिल से स्वागत है।
