लोहरदगा में NSUI की संगठनात्मक बैठक, 10 जनवरी को राजभवन घेराव का ऐलान
By Team Lohardaga live

छात्रवृत्ति में कटौती के विरोध में छात्र आक्रोश मार्च का निर्णय
लोहरदगा। जिला कांग्रेस कार्यालय राजेंद्र भवन में NSUI के बैनर तले एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता NSUI जिलाध्यक्ष मनौव्वर आलम ने की। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में NSUI के राष्ट्रीय महासचिव सह झारखंड प्रभारी चुन्नू सिंह और झारखंड NSUI के प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव मौजूद रहे। साथ ही कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष मोहन दुबे, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद दानिश अली तथा सेवा दल लोहरदगा प्रखंड अध्यक्ष निखिल उरांव की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक में संगठन को मजबूत करने और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान आगामी 10 जनवरी को मोराबादी मैदान से लोकभवन (राजभवन) तक छात्र आक्रोश मार्च निकालने और राजभवन घेराव करने का निर्णय लिया गया। यह आंदोलन झारखंड के लगभग 4.30 लाख छात्र-छात्राओं के छात्रवृत्ति अधिकार की मांग को लेकर किया जाएगा। बैठक में यह भी बताया गया कि केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित 60 प्रतिशत OBC छात्रवृत्ति हिस्सेदारी की राशि झारखंड को लगातार कम दी जा रही है, जिससे छात्रों की पढ़ाई और भविष्य पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
नेताओं ने बताया कि वर्ष 2023–24 में 271 करोड़ रुपये की मांग के विरुद्ध मात्र 71 करोड़ रुपये प्राप्त हुए, वर्ष 2024–25 में 253 करोड़ की मांग पर केवल 33 करोड़ रुपये मिले, जबकि वर्ष 2025–26 में 370 करोड़ रुपये की मांग के मुकाबले अब तक मात्र 13 करोड़ रुपये ही प्राप्त हुए हैं। NSUI के राष्ट्रीय महासचिव चुन्नू सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के छात्र-छात्राओं के साथ लगातार अन्याय कर रही है और छात्रवृत्ति की राशि रोककर लाखों छात्रों का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि NSUI इस अन्याय के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव ने कहा कि 10 जनवरी का राजभवन घेराव सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह छात्रों के अधिकारों की लड़ाई की शुरुआत है और जब तक लंबित छात्रवृत्ति राशि जारी नहीं की जाती, तब तक NSUI चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेगी। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष मोहन दुबे ने कहा कि छात्रवृत्ति गरीब, पिछड़े और आदिवासी समाज के छात्रों की शिक्षा का आधार है और कांग्रेस व उसके सभी संगठन इस लड़ाई में पूरी मजबूती से छात्रों के साथ खड़े हैं। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद दानिश अली ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों का सबसे अधिक असर झारखंड के छात्रों पर पड़ रहा है और युवा कांग्रेस NSUI के आंदोलन को हर स्तर पर समर्थन देगी।
बैठक में प्रदेश महासचिव सैफ अहमद, प्रदेश सचिव सविता कुमारी, उपाध्यक्ष रोशन राम, तौसीफ अंसारी, जिला महासचिव शैलेश साहू, विकास राम, सैफ खान, जिला सचिव रितिका कुमारी, सकलेन मुस्ताक, सोहेल अंसारी, पूर्व जिला महासचिव हरि भगत सहित ईशा रानी, आदित्य कुमार, अशरफ अंसारी, इरफान खान, वासेद अंसारी, माज अंसारी, चंद अंसारी, सुष्मिता कुमारी, ममता कुमारी, अनूप कुजूर समेत बड़ी संख्या में NSUI के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
