Orange hindi lohardaga live

विज्ञान सह हस्तकला प्रदर्शनी आयोजित

By Teem Lohardaga live

Education
प्रदर्शनी का अवलोकन करते अधिकारी

लोहरदगा। उर्सुलाइन कॉन्वेंट बालिका उच्च विद्यालय में विज्ञान सह हस्तकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा 7 से 10 तक की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सृजनशीलता और बौद्धिक क्षमता का विकास करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला शिक्षा पदाधिकारी लोहरदगा श्रीमती दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर एवं विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सिस्टर असरीता के द्वारा संयुक्त रूप से की गई। इस अवसर पर छात्राओं ने पवन ऊर्जा, ड्रिप सिंचाई, जल शोधन प्रणाली, सौर ऊर्जा, प्रदूषण नियंत्रण, सिलाई मशीन से बिजली उत्पादन जैसे कई रोचक व नवाचारी मॉडल प्रदर्शित किए।

मुख्य अतिथि दास सुनंदा ने प्रधानाध्यापिका सिस्टर असरीता के साथ सभी मॉडलों का अवलोकन किया तथा छात्राओं से उनके प्रोजेक्ट की विस्तृत जानकारी ली। निर्णायक मंडली में सिस्टर विंसेंसिया लुगून, सुजाता निशा केरकेट्टा और पंकज कुमार पाठक शामिल थे।

कार्यक्रम में सिस्टर बसंती, सिस्टर ब्रिजीट, फादर सुरेश और गौतम लेनिन सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथि श्रीमती सुनंदा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विज्ञान और तकनीकी के क्षेत्र में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं के प्रयासों की सराहना की।

प्रधानाध्यापिका सिस्टर असरीता ने अपने वक्तव्य में जीवन में विज्ञान और कला के संतुलन के महत्व पर बल दिया।

प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान कक्षा 10 ‘A’ के सिलाई मशीन से विद्युत उत्पादन मॉडल को मिला। द्वितीय स्थान कक्षा 10 ‘A’ के मानव किडनी मॉडल ने प्राप्त किया, जबकि तृतीय स्थान कक्षा 9 ‘A’ के स्मार्ट सिटी मॉडल को मिला।

जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान कक्षा 8 ‘B’ के डायलिसिस मॉडल को मिला। द्वितीय स्थान कक्षा 8 ‘A’ के स्मार्ट सिटी तथा कक्षा 8 ‘B’ के वर्षा जल संचयन मॉडल को संयुक्त रूप से दिया गया, जबकि तृतीय स्थान कक्षा 8 ‘C’ के ग्लोबल वार्मिंग मॉडल ने प्राप्त किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सिस्टर असरीता, सिस्टर पुष्पा, सिस्टर मोदेश्ता, सिस्टर कुमुदनी, सिस्टर मुक्तमणि, सिस्टर आशा, मिस हेमलता, मिस अनिता, मिस सरोज, मिस स्नेहा, सर अजय, सर अनूप, सर शेखर, सर सचिन, मिस नित्या, मिस मेरियट, मिस खुशनुमा, मिस जया एवं मिस सिन्नी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।