हमारी संस्कृति और परंपरा अत्यंत समृद्ध : डॉ. ताराचंद
By Teem Lohardaga live

भारत विविध संस्कृतियों का अनोखा संगम.. राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
लोहरदगा। झारखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को नगर भवन लोहरदगा में जिला स्तरीय भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा राज्य की पारंपरिक कला एवं संस्कृति को दर्शाते हुए आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए गए।
उपायुक्त ने कहा कि झारखंड की सांस्कृतिक विरासत अत्यंत समृद्ध और गौरवशाली है। भारत अनेक संस्कृतियों का संगम स्थल है और विश्व में ऐसा दूसरा उदाहरण नहीं मिलता जहाँ इतनी विविधता एक साथ देखने को मिले। उन्होंने बताया कि झारखंड 32 जनजातियों का राज्य है, यह भगवान बिरसा मुंडा की धरती है। संताल विद्रोह और मुंडा आंदोलन जैसी ऐतिहासिक घटनाओं की यह भूमि आज भी अपनी धरोहर, संस्कृति और परंपराओं को संजोए हुए है।
यहाँ बोलना संगीत और चलना नृत्य
उपायुक्त ने कहा कि झारखंड की मिट्टी में कला रची-बसी है। यहाँ बोलना संगीत बन जाता है और चलना नृत्य में परिवर्तित हो जाता है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्ष राज्य के लिए चुनौतियों और उपलब्धियों का मिश्रण रहे हैं। कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है, वहीं कई क्षेत्रों में अभी भी प्रयासों की आवश्यकता बनी हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि अपनी पारंपरिक वेशभूषा और संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए हमें इसे दैनिक जीवन में अपनाना होगा। दक्षिण भारत के लोगों की तरह हमें भी अपने सांस्कृतिक परिधान और परंपरा पर गर्व करना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए डॉक्यूमेंट्री व फिल्मों का निर्माण जरूरी है तथा समाचार पत्रों में जनजातियों, इतिहास, वेशभूषा, खानपान व परंपराओं पर नियमित आलेख प्रकाशित होने चाहिए।
आकर्षक प्रस्तुति, दर्शकों ने उठाया आनंद
सांस्कृतिक कार्यक्रम में उर्सुलाईन बालिका उच्च विद्यालय, मंजूरमती उच्च विद्यालय, कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय (सेन्हा और भण्डरा), लोहरदगा ऑफिसियल डांस एकेडमी, लोकनाथ कला जत्था पेशरार एवं रीदमिक डांस एकेडमी के कलाकारों ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल समेत अनेक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
