Orange hindi lohardaga live

राजीव भवन में PAC की बैठक, सुखदेव भगत ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर दिया जोर

By Team orangehindi

General
राजीव भवन में PAC की बैठक, सुखदेव भगत ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर दिया जोर

छत्तीसगढ़ प्रभारी बनने के बाद पहली बार रायपुर पहुंचे लोहरदगा सांसद, भाजपा सरकार पर लगाए जनहित के मुद्दों की अनदेखी के आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी नियुक्त होने के बाद लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत पहली बार रायपुर पहुंचे। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद छत्तीसगढ़ पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने की। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, सह प्रभारी तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री समेत कमेटी के वरिष्ठ सदस्य शामिल हुए।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा हुई। सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बूथ कमेटियों को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं को जनता से लगातार जोड़ने और घर-घर तक संगठन की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन में अनुशासन, सक्रियता और एकजुटता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

बैठक में भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर भी कांग्रेस नेताओं ने चर्चा की। सुखदेव भगत ने आरोप लगाया कि प्रदेश में किसान, युवा और महिलाएं विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं तथा सरकार जनहित के मुद्दों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी।

उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर संगठन को मजबूत करने तथा जनता से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

और पढ़ें