Orange hindi lohardaga live

जिले के 25 धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर धान खरीद शुरू, उपायुक्त ने किया शुभारंभ, किसानों से अधिक से अधिक निबंधन कराने की अपील

By Team Lohardaga live

Agriculture
धान अधिप्राप्ति केंद्र का शुभारंभ करते उपायुक्त व अन्य

लोहरदगा। जिले के उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने सोमवार को जिले में धान अधिप्राप्ति का विधिवत शुभारंभ निंगनी लैम्प्स से किया। जिले में कुल 21 लैम्प्स और 4 एफपीओ को धान अधिप्राप्ति केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है, जिनमें से निंगनी लैम्प्स से खरीद की शुरुआत की गई।

इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा लोहरदगा जिले को 2.5 लाख क्विंटल धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ऐसे में जो किसान अपना धान सरकार को बेचना चाहते हैं, वे अपने नजदीकी धान अधिप्राप्ति केंद्र पर धान उपलब्ध करा सकते हैं। सरकार द्वारा किसानों को 24.50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से भुगतान किया जाएगा, जो एकमुश्त सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजा जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार ने इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2450 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है, जो बाजार मूल्य से अधिक है। जिले के सभी 25 धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर खरीद प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। धान बेचने के इच्छुक किसान इन्हीं केंद्रों पर अपना धान दें। धान अधिप्राप्ति के बाद आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर लगभग एक सप्ताह के भीतर भुगतान राशि किसानों के बैंक खाते में क्रेडिट कर दी जाएगी।

उन्होंने किसानों से अपील की कि वे धान विक्रय के लिए समय रहते अपना निबंधन अवश्य कराएं। किसान ऑनलाइन माध्यम, नजदीकी प्रज्ञा केंद्र, प्रखंड कार्यालय अथवा जिला आपूर्ति कार्यालय में जाकर निबंधन करा सकते हैं।

जिले के धान अधिप्राप्ति केंद्रों में लोहरदगा प्रखंड के हेसल लैम्प्स, निंगनी लैम्प्स, मन्हो लैम्प्स, बाघा लैम्प्स, जोरी लैम्प्स; कुडू प्रखंड के कोलसिमरी लैम्प्स, कुडू लैम्प्स, ककरगढ़ लैम्प्स, लावागाई लैम्प्स, चंदलासो लैम्प्स; किस्को प्रखंड के अरेया लैम्प्स, किस्को लैम्प्स, हेसापीढ़ी लैम्प्स, खरकी लैम्प्स, जोड़ा सखुवा एफपीओ; सेन्हा प्रखंड के सेन्हा लैम्प्स, बुटी लैम्प्स, अलौदी लैम्प्स, सुखसंपदा एफपीओ, सेन्हा एग्रो एफपीओ, बदला लैम्प्स; कैरो प्रखंड के सढ़ाबे लैम्प्स, हनहट लैम्प्स, नौशाद एग्रो एफपीओ तथा भंडरा प्रखंड के गडरपो लैम्प्स शामिल हैं।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, माननीय सांसद के निजी सचिव आलोक साहू, जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीष कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं किसान उपस्थित थे।