Orange hindi lohardaga live

जिले के 25 केंद्रों पर होगी धान अधिप्राप्ति, किसान उठाएं लाभ : उपायुक्त

By Team Lohardaga live

Administrative
धान अधिप्राप्ति को लेकर जागरूकता रथ रवाना करते उपायुक्त व अन्य

लोहरदगा। उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से आपूर्ति विभाग के तीन जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपना धान जिले के निर्धारित 25 सरकारी धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर ही जमा करें।

उपायुक्त ने बताया कि सरकार द्वारा किसानों से खरीदे गए धान का भुगतान प्रति क्विंटल 2450 रुपये की दर से एकमुश्त किया जाएगा। जिले में धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया 15 दिसंबर 2025 से प्रारंभ हो चुकी है।

धान अधिप्राप्ति के लिए किसान स्वयं ई-उपार्जन मोबाइल एप के माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के बाद किसान स्लॉट बुकिंग कर धान जमा कर सकते हैं तथा अपनी अद्यतन स्थिति भी देख सकते हैं। किसी भी जानकारी के लिए किसान टॉल फ्री नंबर 1967 अथवा 180002125512 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त जिला आपूर्ति कार्यालय से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

जिले में कुल 25 सरकारी धान अधिप्राप्ति केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 21 लैम्प्स एवं 4 एफपीओ शामिल हैं। लोहरदगा प्रखंड में हेसल, निंगनी, मन्हो, बाघा, जोरी लैम्पस; कुडू प्रखंड में कोलसिमरी, कुडू, ककरगढ़, लावागाई एवं चन्दलासो लैम्पस; किस्को प्रखंड में अरेया, किस्को, हेसापीड़ी, खरकी लैम्पस एवं जोडा सखुवा एफपीओ; सेन्हा प्रखंड में सेन्हा, बुटी, अलौदी लैम्पस, सुखसम्पदा एफपीओ, सेन्हा एग्रो एफपीओ एवं बदला लैम्पस; कैरो प्रखंड में सढाबे, हनहट लैम्पस एवं नौशाद एग्रो एफपीओ तथा भण्डरा प्रखंड में गडरपो लैम्पस शामिल हैं।

इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीष कुमार, डीसीएलआर सुजाता कुजूर, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अजय अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।