हेसापीढ़ी लैंप्स में धान क्रय केंद्र का शुभारंभ, किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
By Team Lohardaga live

जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार ने किया उद्घाटन, 2400 से 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी धान खरीद
लोहरदगा। जिले के किस्को प्रखंड अंतर्गत हेसापीढ़ी लैंप्स परिसर में सोमवार को धान क्रय केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। उद्घाटन जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय किसान, लैंप्स पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई धान क्रय योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को उनके उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराना तथा बिचौलियों की भूमिका को समाप्त करना है। उन्होंने बताया कि इस केंद्र पर किसानों से 2400 से 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीद की जाएगी। एक किसान अधिकतम 200 क्विंटल तक धान की बिक्री इस क्रय केंद्र पर कर सकता है।
उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा बेचे गए धान की पूरी राशि एक सप्ताह के भीतर एकमुश्त सीधे किसानों के बैंक खाते में स्थानांतरित कर दी जाएगी, जिससे समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सके। धान विक्रय के लिए किसानों का निबंधन अनिवार्य है। किसान ई-उपार्जन पोर्टल के माध्यम से अपने स्मार्टफोन से स्वयं निबंधन कर सकते हैं या नजदीकी प्रज्ञा केंद्र से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा किसान अपने क्षेत्र के लैंप्स पदाधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी ले सकते हैं।
जिला परिषद सदस्य ने किसानों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाएं और समय रहते निबंधन कराकर अपने धान की बिक्री सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और ऐसे क्रय केंद्र किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होंगे।
कार्यक्रम में विनोद कुमार सिंह, चंद्रकिशोर भगत, जकू उरांव, विजेंद्र उरांव, सरोद, प्रवीन उरांव, सितंबर प्रजापति, लाल जन्मेजय शाहदेव, कुद्धस अंसारी, लेढ़ा सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। धान क्रय केंद्र के शुभारंभ को लेकर किसानों में उत्साह का माहौल देखा गया।
