Orange hindi lohardaga live

धान कुटाई मशीन में साड़ी फंसने से महिला की दर्दनाक मौत, खम्हार गांव में मातम का माहौल

By Team Lohardaga live

Accident
घटना के बाद गांव में उपस्थित ग्रामीण

लोहरदगा। लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के खम्हार गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जानकारी के अनुसार, खम्हार गांव निवासी स्वर्गीय महेंद्र गंझू की 37 वर्षीय पत्नी पूनम देवी धान कुटाई मशीन से काम कर रही थीं। ईसी दौरान उनकी साड़ी अचानक मशीन के बेल्ट में फंस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के वक्त उनका नाबालिग पुत्र पास ही मौजूद था, जो अपनी मां को बचाने की गुहार लगाता रहा, लेकिन देखते ही देखते मशीन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने तुरंत मशीन बंद की और शव को बाहर निकाला, परंतु तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

जिसके बाद कुडू थाना पुलिस को सूचना दी गई वहीं कुडू थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है साथ ही मामले की जांच में जुट गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि पूनम देवी के पति की मृत्यु कुछ वर्ष पूर्व हो चुकी थी। वह अपने तीन बच्चों का पालन-पोषण बड़ी कठिनाई से कर रही थीं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्रशासन की ओर से तत्काल राहत के रूप में 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

इधर, किसान कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष मोहम्मद अरशद अयूब ने रविवार देर शाम घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

गांव में इस दर्दनाक हादसे से मातम पसरा हुआ है। हर किसी की आंखें नम हैं।