Orange hindi lohardaga live

गडरपो और बाघा पंचायत में पंचायत स्तरीय सामुदायिक बैठक का हुआ आयोजन

By Team Lohardaga live

General
जागरूकता कार्यक्रम में जानकारी देती होप की मैनेजिंग ट्रस्टी

महिलाओं के व्यवहार परिवर्तन और घरेलू वायु प्रदूषण कम करने पर दिया गया जोर

लोहरदगा। होप एवं असर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को लोहरदगा जिले के भंडरा प्रखंड अंतर्गत गडरपो पंचायत भवन तथा लोहरदगा प्रखंड अंतर्गत बाघा पंचायत भवन में एक दिवसीय पंचायत स्तरीय सामुदायिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले के विभिन्न प्रखंडों में महिलाओं के व्यवहार परिवर्तन को प्रोत्साहित करना तथा घरेलू वायु प्रदूषण को कम करने के लिए सामुदायिक स्तर पर जागरूकता फैलाना रहा।

बैठक का संचालन सरिता एक्का, उषा उरांव एवं यशोदा उरांव द्वारा किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह बताया गया कि पूरे वर्ष विभिन्न खेल और गतिविधियों के जरिए महिलाओं के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव कैसे लाया जा सकता है और किस प्रकार घरेलू वायु प्रदूषण को कम कर परिवार के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखा जा सकता है। इस उद्देश्य से जिले के 13 पंचायतों में विभिन्न परदना दीदियों के माध्यम से निरंतर जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है।

बैठक के दौरान समूह वार्ता के माध्यम से विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। समूह वार्ता-1 में खेल-खेल में आपसी बातचीत के महत्व पर पार्वती देवी, सुजन्ती उरांव एवं नीलम कुमारी ने विस्तार से जानकारी दी। समूह वार्ता-2 में ‘निर्मला दीदी की समझदारी’ विषय पर बिमला उरांव, पुनिता उरांव एवं सुचिता उरांव ने अपने विचार साझा किए। वहीं समूह वार्ता-3 में सुमंति उरांव, खुशबू कुँवर एवं राजमुनी उरांव ने उपस्थित महिलाओं को विषय की जानकारी दी।

बैठक के दौरान सुनीता उरांव, अर्चना उरांव, गीता देवी एवं पार्वती उरांव ने अपनी सफल कहानियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि समूह से जुड़कर और नियमित बैठकों में भाग लेकर किस प्रकार वे घरेलू वायु प्रदूषण से स्वयं, अपने परिवार और आसपास के लोगों को सुरक्षित रख रही हैं। साथ ही समूह से ऋण लेकर वे अपने परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में भी सफल हो रही हैं।

कार्यक्रम में मेठ बसंती तिग्गा, आंगनबाड़ी सेविका अनिता कुमारी, रोजगार सेवक संजय साहु, जनसेवक संतोष लकड़ा, पंचायत सचिव महफूज अंसारी, प्रधानाध्यापक सुदामा साहु, सीएचओ कमलीना कुजूर, गडरपो पंचायत के मुखिया सुमित उरांव एवं ग्राम प्रधान चूमनु उरांव तथा बाघा पंचायत के मुखिया फुलमनी उरांव एवं ग्राम प्रधान कमल उरांव उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने विचार रखते हुए कार्यक्रम की सराहना की।

होप संस्था की मैनेजिंग ट्रस्टी मनोरमा एक्का ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम साल भर चले कार्यों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि यह पहल लोहरदगा जिले के चार प्रखंडों के 13 पंचायतों में संचालित की जा रही है।

कार्यक्रम की सफलता में सरिता एक्का, उषा उरांव, यशोदा उरांव, अरविन्द वर्मा एवं उज्ज्वल कुशवाहा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।